Tuesday, April 21, 2026
Homeबेतियानई चेतना अभियान के तहत भीतिहरवा गांधी आश्रम में जीविका दीदियों द्वारा...

नई चेतना अभियान के तहत भीतिहरवा गांधी आश्रम में जीविका दीदियों द्वारा लैंगिक एवं आर्थिक समानता पर जोर।

57 संकुलों की दीदियों ने एकजुट होकर लिंग आधारित हिंसा के खिलाफ बुलंद की आवाज।

नई चेतना अभियान से बदली सोच: भीतिहरवा आश्रम में लिंग आधारित हिंसा के खिलाफ दीदियों की एकजुट आवाज।

बेतिया मोहन सिंह।

लैंगिक एवं आर्थिक समानता तथा लिंग आधारित हिंसा की रोकथाम को लेकर नई चेतना अभियान–पहल बदलाव के अंतर्गत भीतिहरवा आश्रम, गौनाहा में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के सभी 57 संकुल संघों की अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्य समिति से एक-एक दीदी ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन संकुल संघों की अध्यक्ष दीदियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक श्री आर. के. निखिल ने अपने संबोधन में बताया कि नई चेतना कार्यक्रम का यह चौथा वर्ष है, जिसकी शुरुआत प्रत्येक वर्ष 25 नवंबर—महिलाओं के प्रति हिंसा उन्मूलन के अंतरराष्ट्रीय दिवस से होती है। उन्होंने कहा कि जिस घर में महिलाएं आगे बढ़ती हैं, वहां पूरा परिवार सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक रूप से प्रगति करता है। जिला परियोजना प्रबंधक ने जीविका दीदियों की सराहना करते हुए बताया कि उन्होंने दहेज प्रथा, घरेलू हिंसा और बाल विवाह जैसे सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध बड़े पैमाने पर निरंतर जन-जागरूकता अभियान चलाया है, जिससे समाज में सकारात्मक और व्यापक परिवर्तन देखने को मिला है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जिले के आठ प्रखंडों में दीदी अधिकार केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जहां महिलाओं के साथ होने वाले भेदभाव, घरेलू हिंसा जैसे मामलों की सामाजिक स्तर पर सुनवाई कर समाधान किया जाता है।
कार्यक्रम में हरियाली संकुल संघ मझौलिया की अध्यक्ष सविता देवी ने महिलाओं से चुप्पी तोड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के भेदभाव के विरुद्ध उचित मंच पर अपनी बात रखना आवश्यक है, ताकि सामाजिक कुरीतियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

वहीं नारी शक्ति संकुल संघ की अध्यक्ष नंदा देवी ने कहा कि नारी किसी भी रूप में कमजोर नहीं है। जीविका समूह से जुड़ने के बाद महिलाओं में हर परिस्थिति का सामना करने का आत्मविश्वास और सामर्थ्य विकसित हुआ है।

कार्यक्रम के दौरान दीदियों ने महिलाओं के अधिकारों पर आधारित जागरूकता गीत प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को प्रेरणादायक बना दिया। कार्यक्रम में जीविका के सभी प्रखंडों के प्रखंड परियोजना प्रबंधक एवं विषयगत प्रबंधक उपस्थित रहे। मंच संचालन सामाजिक विकास प्रबंधक सतीश कुमार ने किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments

Would you like to receive notifications on latest updates? No Yes