
==महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर नगर निगम बोर्ड द्वारा महापौर की पहल पर किया है पारित प्रस्ताव को मिली प्रशासनिक स्वीकृति,
==पारित प्रस्ताव के आधार निविदा प्रक्रिया के तहत आगामी छठ व्रत से पहले सभी एक दर्जन स्थानों की योजनाओं को पूरा कराने पर बढ़ी है प्रशासनिक मुस्तैदी,
बेतिया मोहन सिंह।
महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के प्रायः सभी प्रमुख पोखरों और प्रसिद्ध बारह छठ घाटों पर 1.14 करोड़ लागत से महिला चेंजिंग रूम का निर्माण कराया जाएगा। नगर निगम क्षेत्र के सघन शहरी इलाकों में महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम बोर्ड ने एक महत्वपूर्ण विकास योजना को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि इस योजना के तहत शहर के प्रमुख पोखरों एवं छठ घाटों के समीप कुल बारह स्थानों पर महिलाओं के लिए आधुनिक चेंजिंग रूम का निर्माण कराया जाएगा। प्रत्येक चेंजिंग रूम के निर्माण पर 14 लाख 35 हजार 100 रुपये की लागत निर्धारित की गई है, जबकि कुल परियोजना लागत 1 करोड़ 14 लाख 80 हजार 800 रुपये होगी। स्वीकृत स्थलों में सागर पोखरा, उत्तरवारी पोखरा, दुर्गाबाग पोखरा, संत घाट, शिवालय घाट, खिरिया घाट, हरिवाटिका चौक, स्टेशन चौक पोखरा, पथरी घाट, जगदम्बा नगर राम जानकी घाट, घरदन पोखरा एवं बस स्टैंड के समीप के क्षेत्र शामिल हैं। इन स्थलों पर महिलाओं के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक चेंजिंग रूम उपलब्ध होंगे।
नगर निगम प्रशासन का मानना है कि छठ पर्व एवं अन्यान्य धार्मिक आयोजनों और दैनिक उपयोग के दौरान महिलाओं को कपड़े बदलने में होने वाली असुविधा अब काफी हद तक समाप्त होगी। महापौर ने बताया कि यह योजना न केवल महिला सम्मान और सुरक्षा को मजबूती देगी, बल्कि शहर के सार्वजनिक स्थलों की आधारभूत सुविधाओं को भी बेहतर बनाएगी। नगर निगम की इस पहल को स्थानीय नागरिकों ने स्वागत योग्य कदम बताया है।


