


मझौलिया से बब्लु कुमार पटेल की रिपोर्ट
मझौलिया। प्रखंड क्षेत्र के रत्नमाला पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 6, भगडवा गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 128 में अनियमितता को लेकर सोमवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। टेक होम राशन वितरण, केंद्र संचालन और बच्चों के पोषाहार में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया और संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की।प्रदर्शन में शामिल अरविंद कुमार, बलराम यादव, संजय राम, आत्मा यादव समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि केंद्र की सेविका अंजली श्रीवास्तव बिना सूचना के लंबे समय से अनुपस्थित रहती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि 19 फरवरी से सेविका केंद्र पर नहीं आई हैं, जिसके कारण केंद्र अधिकतर बंद रहता है। आरोप है कि सहायिका द्वारा कभी-कभार केंद्र खोलकर सिर्फ औपचारिकता पूरी की जाती है।ग्रामीणों के अनुसार केंद्र का संचालन निर्धारित समय पर नहीं होने से पोषक क्षेत्र के बच्चों और लाभार्थियों को सरकार की योजनाओं का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। टेक होम राशन वितरण में भी पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। सेविका की अनुपस्थिति में सहायिका मनमाने तरीके से केंद्र का संचालन करती हैं, जिससे व्यवस्था चरमराई हुई है।ग्रामीणों ने बताया कि करीब दो माह पूर्व इसकी शिकायत बाल विकास कार्यालय, मझौलिया में की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि सुपरवाइजर और बाल विकास योजना पदाधिकारी की लापरवाही के कारण समस्या जस की तस बनी हुई है।इधर सहायिका सरोज देवी ने बताया कि सेविका पोषाहार दो दिनों का देकर छुट्टी पर चली जाती हैं, जिससे बच्चों को नियमित पोषण नहीं मिल पाता। आक्रोशित ग्रामीणों ने जिला पदाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।


