
मझौलिया से बब्लु कुमार पटेल की रिपोर्ट
मझौलिया थाना परिसर में शनिवार के दिन पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान थाना क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों से बड़ी संख्या में फरियादी अपनी-अपनी समस्याएं लेकर उपस्थित हुए। जनता दरबार में आए अधिकांश मामलों में मारपीट और भूमि विवाद से संबंधित शिकायतें अधिक देखी गईं।जनता दरबार के दौरान पुलिस अधीक्षक ने एक-एक कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित व निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा, ताकि लोगों को बार-बार थाना और कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने बताया कि बिहार पुलिस मुख्यालय के आदेशानुसार प्रत्येक जिले में एसपी स्तर पर नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन किया जाना है। इसी क्रम में शनिवार को मझौलिया थाना में जनता दरबार लगाया गया है।उन्होंने बताया कि जनता दरबार के माध्यम से भूमि विवाद, मारपीट, के उपरांत उत्पन्न होने वाली समस्याओं सहित अन्य स्थानीय विवादों का आपसी समझौते और विधिसम्मत तरीके से निपटारा किया जाएगा। इस पहल से पुलिस और जनता के बीच विश्वास मजबूत होगा तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहायता मिलेगी।


