Thursday, April 16, 2026
Homeबेतियाजिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने लौरिया प्रखंड व अंचल कार्यालय का किया औचक...

जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने लौरिया प्रखंड व अंचल कार्यालय का किया औचक निरीक्षण।

प्रशासनिक व्यवस्था और जनहित योजनाओं का जिलाधिकारी ने लिया जायजा

जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को समुचित निदान करने का दिया निर्देश।

बौद्ध स्तूप का लिया जायजा, आईएएस बनने की इच्छुक बच्ची का बढ़ाया उत्साह।

बेतिया मोहन सिंह।

जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने आज लौरिया प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्था, विकास कार्यों और जनहित से जुड़ी योजनाओं की गहन समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच), खेती-बारी की स्थिति, बाढ़ नियंत्रण से जुड़े पहलू, चीनी मिल, लौरिया फैंसी मेला, ऐतिहासिक अशोक स्तंभ, अधिकारी आवास सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी प्राप्त की। साथ ही प्रखंड क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की कार्य प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अंचल कार्यालय में राजस्व से संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी अंचलाधिकारी से ली और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अलावा आरटीपीएस काउंटर का निरीक्षण कर आवेदनों के निष्पादन की स्थिति का जायजा लिया तथा आम नागरिकों को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के क्रम में स्थानीय लोगों द्वारा विभिन्न समस्याओं की ओर जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराया गया, जिनके त्वरित एवं समुचित समाधान के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसी क्रम में जिलाधिकारी ने ऐतिहासिक बौद्ध स्तूप, लौरिया का भी निरीक्षण किया और इसके संरक्षण, स्वच्छता एवं पर्यटक सुविधाओं के बेहतर प्रबंधन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। यहां परिभ्रमण के लिए पहुंचे लूना इंटरनेशनल स्कूल, बेतिया के विद्यार्थियों से उन्होंने संवाद किया और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय की कक्षा एक की छात्रा अलसिफा फातिमा ने जब जिलाधिकारी से कहा कि वह भविष्य में आईएएस बनना चाहती है, तो जिलाधिकारी ने उसे आशीर्वाद देते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने और लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा सुजीत कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी, डीसीएलआर नरकटियागंज, स्थानीय प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments

Would you like to receive notifications on latest updates? No Yes