


मझौलिया से बब्लु कुमार पटेल की रिपोर्ट
मझौलिया प्रखंड मुख्यालय स्थित एक मोटर साइकिल रिपेयरिंग एवं स्पेयर पार्ट्स की दुकान में अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य के सामान की चोरी कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मझौलिया थाना की पुलिस सब इंस्पेक्टर विकास कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
पीड़ित दुकानदार भीमबली ठाकुर ने मझौलिया थाना में लिखित आवेदन देकर चोरी की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 14 जून की शाम वह किसी आवश्यक कार्य से गोरखपुर गए हुए थे। गुरुवार सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान के पीछे की दीवार में सेंध लगी हुई मिली। दुकान के अंदर रखे महंगे मोटर साइकिल स्पेयर पार्ट्स गायब थे।
दुकानदार के बताया कि डेढ़ लाख रुपये मूल्य के स्पेयर पार्ट्स लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। इस घटना से स्थानीय व्यवसायियों में चिंता का माहौल है।


