

समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश।
बेतिया मोहन सिंह।
जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने सुदूरवर्ती नौरंगिया दोन क्षेत्र का दौरा कर विकास योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित किया। पंचायत सरकार भवन में आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने सड़क, पुल-पुलिया, बिजली, स्वास्थ्य सुविधा एवं इंटरनेट कनेक्टिविटी से जुड़ी समस्याएं रखीं।
जिला पदाधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में सीएचओ की नियमित उपस्थिति एवं एएनएम की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं, ग्रामीण कार्य विभाग को आवश्यक सड़क एवं पुल-पुलियों के निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार करने तथा विद्युत विभाग को ऑनग्रिड बिजली उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि नौरंगिया दोन के समग्र विकास के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है और ग्रामीणों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर सिविल सर्जन, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


