



जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण।
बेतिया मोहन सिंह।
केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा विज्ञापन संख्या-03/2025 के तहत मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल एवं चलंत दस्ता सिपाही के पदों पर नियुक्ति के लिए आयोजित लिखित परीक्षा आज पश्चिम चम्पारण जिले के 14 परीक्षा केंद्रों पर कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न करायी जा रही है।
परीक्षा के सफल एवं निष्पक्ष संचालन का जायजा लेने के लिए जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह एवं वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने एम.जे.के. कॉलेज, प्लस-टू विपिन उच्च विद्यालय सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का विधिवत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने केन्द्रीय चयन पर्षद द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन, सुरक्षा व्यवस्था, बायोमेट्रिक सत्यापन, अभ्यर्थियों की सघन जांच, सीसीटीवी निगरानी तथा अन्य व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने केंद्राधीक्षकों एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों से परीक्षा संचालन की जानकारी एवं फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान निर्धारित मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जाए।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक पायी गयी हैं तथा परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संचालित हो रही है। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं पुलिस बल को अंत तक पूरी सतर्कता एवं सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा समाप्त होने तक सभी केंद्रों पर पर्याप्त सतर्कता बनाए रखें तथा विधि-व्यवस्था को हर हाल में सुचारु बनाए रखें।
इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी रविन्द्र कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी (जिला गोपनीय शाखा) श्री सुजीत कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।


