

मझौलिया से बब्लु कुमार पटेल की रिपोर्ट
मझौलिया मे सोमवार के दिन मोतीलाल 10+2 उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित तीन दिवसीय लॉन-बॉल्स चयन सह प्रशिक्षण कैंप का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन बीईओ हफीजुर्रहमान, इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष अवनीश कुमार, तिरूवाह विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष मो. जियाउद्दीन तथा विद्यालय के प्रधानाध्यापक सचिन्द्र राय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन समारोह में प्रखंड क्षेत्र के गणमान्य लोगों एवं शिक्षकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।स्कूली छात्राओं के स्वागत गीत से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जिसने माहौल में ऊर्जा भर दी। समारोह की अध्यक्षता पश्चिम चंपारण बॉलिंग संघ के सचिव डॉ. मो. सरफराज आलम ने की। उन्होंने लॉन-बॉल्स खेल में उभरते राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि यह खेल छात्र–छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए बड़ी संभावना प्रदान करता है।कैम्प की औपचारिक शुरुआत बीईओ हफीजुर्रहमान द्वारा बॉल लुढ़काकर की गई। इस दौरान कई छात्र–छात्राओं ने खेल में गहरी रुचि दिखाते हुए अपने-अपने कैंपस में प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु आवेदन भी दिया। बीईओ ने प्रतिभावान खिलाड़ियों को सम्मानित करने का आश्वासन देते हुए कहा कि नियमित अभ्यास से शारीरिक और मानसिक विकास के साथ लक्ष्य प्राप्ति सरल हो जाती है।इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष अवनीश कुमार ने बच्चों को मोबाइल फोन से दूरी बनाकर खेल और अध्ययन पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। समारोह का संचालन विज्ञान शिक्षक सुमित कुमार चौबे ने किया।इस अवसर पर प्रखंड सचिव जाकिर हुसैन, डॉ. शमीम अख्तर, डॉ. जुबैर अहमद, नवल किशोर प्रसाद, धनंजय तिवारी, खेल शिक्षक बिपिन कुमार, शिक्षिका वीना भीमसेंट, शालिनी शाह, निधि कुमारी, रिंकू सिंह, अंजनी कुमारी, मो. एकराम, नसीम आलम सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अरशद ने किया।


