
मझौलिया से बब्लू कुमार पटेल की रिपोर्ट
मझौलिया। प्रखंड क्षेत्र के हरिपकड़ी पंचायत अंतर्गत नवका टोला वार्ड संख्या 9 स्थित गोपीखाड़ बांध बुधवार को कोहड़ा नदी के तेज उफान और पानी के दबाव से दो स्थानों पर टूट गया, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। बांध टूटने के बाद तेज धार का पानी गांव की ओर बह चला, जिससे कई घरों में पानी घुस गया और लोगों को अपने घरों से निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागना पड़ा।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि पानी का बहाव इतना तेज है कि खेतों में लगी धान,गन्ना की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। ग्रामीणों ने बताया कि अब गांव से बांध तक की सड़क पर एक फिट से उपर तक पानी जमा हो गया है।
ग्रामीण कमल मुखिया ने बताया कि एक दिन पूर्व मंगलवार को अंचलाधिकारी राजीव रंजन ने गोपीखाड़ बांध का निरीक्षण किया था और स्थिति का जायजा लिया था, लेकिन तत्काल किसी प्रकार की मरम्मत या बचाव कार्य नहीं किया गया। नतीजतन बुधवार को बांध का एक बड़ा हिस्सा टूट गया, जिससे तेज रफ्तार से पानी गांव की ओर बढ़ने लगा।
उन्होंने प्रशासन से तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करने, तथा टूटे हुए बांध की मरम्मत करवाने की मांग की है। उधर, बांध टूटने से गांव में दहशत का माहौल है। लोग अपने घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और रातें जागकर गुजारने को विवश हैं।


