

मझौलिया से बब्लु कुमार पटेल की रिपोर्ट
मझौलिया थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 क्विंटल 24 किलो 600 ग्राम गांजा बरामद किया। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक बोलेरो वाहन को जब्त करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष अमर कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि चैलाभार क्षेत्र से एक बोलेरो में भारी मात्रा में गांजा की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन की घेराबंदी कर जांच की। तलाशी के दौरान बोलेरो (रजिस्ट्रेशन संख्या BR-06P-8648) से कुल 10 बोरियों में रखा 1 क्विंटल 24 किलो 600 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने गांजा और बोलेरो दोनों को जब्त कर लिया।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान दीपक प्रसाद पिता पारस साह साकिन कौड़ीहार चौक, रक्सौल जिला पूर्वी चंपारण तथा अनुज कुमार, पिता पन्नालाल पासवान, निवासी आईटीआई, बेतिया पश्चिम चंपारण के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपितों से गांजा की खेप के स्रोत, गंतव्य तथा इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपितों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजा की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। इस कार्रवाई को मझौलिया पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।


