


मझौलिया से बब्लु कुमार पटेल की रिपोर्ट
मझौलिया थाना क्षेत्र के अमवा मझार पंचायत अंतर्गत मसान माता मंदिर के समीप उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। घटना के दौरान सड़क पर धुएं का गुबार उठता देख आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। कार में सवार लोग जैसे ही आग की लपटें उठती देखीं, उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे रोका और तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अग्निशामक विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अग्निशामक कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। आग लगने के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी बाधित रहा, जिसे पुलिस की मदद से बाद में सामान्य किया गया।
गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने वाहन मालिक से पूछताछ शुरू कर दी है और घटना से संबंधित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि वाहनों की नियमित जांच और अग्निशमन व्यवस्था को और मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।


