
मझौलिया से बब्लु कुमार पटेल की रिपोर्ट
मझौलिया। उत्तर प्रदेश पुलिस ने बिहार की मझौलिया थाना पुलिस के सहयोग से एक नाबालिग अपहरण मामले में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। शुक्रवार को गोरखपुर जिले के पिपराईच थाना की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मझौलिया वार्ड संख्या 7 से अपहृत नाबालिग को बरामद कर लिया। साथ ही आरोपी अपहरणकर्ता को मौके से गिरफ्तार कर यूपी लेकर चली गई। इस बात की जानकारी इंस्पेक्टर सह मझौलिया थानाध्यक्ष अवनीश कुमार ने दी।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गोरखपुर के पिपराईच थाना क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग के अपहरण को लेकर पीड़िता की मां ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। केस थाना कांड संख्या 765/25 के तहत दर्ज हुआ, जिसमें मझौलिया निवासी मंजीव कुमार सहित पांच अज्ञात लोगों पर शादी की नीयत से नाबालिग का अपहरण करने का गंभीर आरोप लगाया गया था। यूपी पुलिस लगातार मामले की तफ्तीश कर रही थी और सुराग मिलने पर बिहार पुलिस को सूचना दी गई।
इसके बाद यूपी पुलिस और बेतिया जिले की मझौलिया थाना पुलिस की संयुक्त छापेमारी टीम ने वार्ड संख्या 7 स्थित आरोपी के घर पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया गया और आरोपी मंजीव कुमार को गिरफ्तार कर पूछताछ हेतु पिपराईच थाना ले जाया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूरे मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और यूपी पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है। नाबालिग के सकुशल मिलने से उसके परिजनों ने राहत की सांस ली है और पुलिस टीम की तत्परता की सराहना की है।


