

बेतिया मोहन सिंह।
पश्चिम चंपारण जिले में आगामी चुनावों की तैयारी के तहत दिनांक 24 मई 2025 से 16 जून 2025 तक इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वीवीपैट की प्रथम स्तर जांच (First Level Checking – FLC) की प्रक्रिया सम्पन्न की गई। यह महत्वपूर्ण प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित की गई थी, जिसका उद्देश्य निर्वाचन में उपयोग की जाने वाली मशीनों की तकनीकी जाँच एवं उनकी कार्यप्रणाली की पुष्टि करना था।
एफएलसी के सफल समापन के पश्चात वीवीपैट वेयरहाउस को विधिवत सील किया गया, जिसमें जिला पदाधिकारी श्री धर्मेन्द्र कुमार सहित राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। उनकी मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष रूप से संपन्न किया गया।
एफएलसी के दौरान परीक्षण किए गए ईवीएम और वीवीपैट यूनिट्स का विवरण इस प्रकार है:
बैलेट यूनिट्स (Ballot Units) – कुल 5366 में से 4096 यूनिट संतोषजनक (OK) पाई गईं, जबकि 1270 यूनिट असंतोषजनक (Not OK) थीं।
कंट्रोल यूनिट्स (Control Units) – कुल 4258 में से 4208 यूनिट OK एवं 50 यूनिट Not OK।
वीवीपैट (VVPAT) यूनिट्स – कुल 4538 में से 3921 यूनिट OK एवं 617 यूनिट Not OK।
जिला पदाधिकारी धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि जो यूनिट्स परीक्षण में असंतोषजनक पाई गई हैं, उन्हें आवश्यक निर्देश प्राप्त होने के पश्चात निर्माणकर्ता कंपनी को वापस भेजा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि एफएलसी की समस्त प्रक्रिया सुचारु, शांतिपूर्ण एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई, और यह भारत निर्वाचन आयोग के सभी मानकों का पूर्ण पालन करते हुए संचालित की गई।
एफएलसी कार्य के दौरान तकनीकी और प्रशासनिक निरीक्षण हेतु यशलोक रंजन (अवर निर्वाचन पदाधिकारी, बेतिया सदर), एल.बी. रॉय (उप निर्वाचन पदाधिकारी, बेतिया) तथा अमरेन्द्र कुमार (एफएलसी सुपरवाइज़र) सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं तकनीकी कर्मचारी निरंतर उपस्थित रहे और समर्पित भाव से कार्य में जुटे रहे।
इस संपूर्ण प्रक्रिया से यह सुनिश्चित किया गया कि आगामी चुनाव विश्वसनीयता, निष्पक्षता और तकनीकी दक्षता के उच्चतम मानकों पर आधारित हो।


