

शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष परीक्षा के लिए प्रशासन सतर्क।
जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न।
बेतिया मोहन सिंह।
बिहार पुलिस की विशेष शाखा में सिपाही (सामान्य बंद संवर्ग) के 83 पदों पर नियुक्ति हेतु 24 जून 2026 (बुधवार) को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उक्त परीक्षा जिला अंतर्गत 11 केन्द्रों पर आयोजित होगी तथा इसमें कुल 5936 परीक्षार्थी भाग लेंगे।
बैठक में परीक्षा के सफल संचालन, विधि-व्यवस्था संधारण तथा सभी आवश्यक प्रशासनिक तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों को केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), पटना द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि परीक्षा 24 जून को एकल पाली में लगातार बैठक में आयोजित होगी। प्रथम प्रश्न-पत्र की परीक्षा सुबह 10:00 बजे से 11:30 बजे तक तथा द्वितीय प्रश्न-पत्र की परीक्षा 12:00 बजे से 1:30 बजे तक संचालित होगी। सभी अभ्यर्थियों का रिपोर्टिंग समय सुबह 8:00 बजे निर्धारित है तथा 9:00 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी, बायोमेट्रिक सत्यापन सहित प्रॉपर फ्रिस्किंग, सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही गोपनीय सामग्री के वितरण एवं प्रश्न-पत्र खोलने से पूर्व परीक्षा कोड तथा बक्सों पर लगे लेबल के रंग का सावधानीपूर्वक मिलान करने का निर्देश दिया, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। कदाचार अथवा अव्यवस्था फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जिला भू अर्जन पदाधिकारी, अमरेंद्र कुमार, निदेशक डीआरडीए, अरुण प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी, बेतिया सदर, विकास कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा, सुजीत कुमार सहित अन्य संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, केंद्राधीक्षक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


