


महिला पुरुषों के लिए अलग अलग निर्मित शौचालय, मूत्रालय व स्नानघर की आधुनिक प्रसाधन सुविधाओं का निरीक्षण के मौके पर बोलीं महापौर,
गवर्मेंट मेडिकल कॉलेज की चहारदीवारी बन जाने के बाद से ही इस सघन शहरी क्षेत्र के लिए एक बड़ी समस्या का समाधान होने पर स्थानीय दुकानदार दिखे खुश,
बेतिया मोहन सिंह।
महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के ऐतिहासिक मीना बाजार स्थित ट्रैफिक चौक पर नव निर्मित सार्वजनिक शौचालय, मूत्रालय एवं स्नानघर के निर्माण से इस सघन शहरी क्षेत्र की एक बड़ी जरूरत पूरी हो गई है।
महिला पुरुषों के लिए अलग अलग निर्मित प्रसाधन सुविधाओं की जानकारी देते हुए महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की गुणवत्ता, साफ-सफाई व्यवस्था सही पाया गया है। महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि बाजार के दुकानदारों, राहगीरों के साथ आम लोगों की इन बुनियादी सुविधाओं को बहुत जरूरी बताया। महापौर ने इस क्षेत्र की बुनियादी जरूरत, स्वच्छता और नागरिक सुविधा की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। महापौर ने बताया कि नगर निगम प्रशासन द्वारा 15.50 लाख से निर्मित इस आधुनिक सार्वजनिक सुविधा केंद्र में पुरुष एवं महिलाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तीन-तीन सीटों वाले शौचालय, तीन-तीन मूत्रालय तथा दो-दो स्नानघर बनाए गए हैं। मीना बाजार और ट्रैफिक चौक जैसे अत्यधिक व्यस्त एवं सघन शहरी क्षेत्र में लंबे समय से ऐसी सुविधा की मांग की जा रही थी। खासकर बाजार आने वाले व्यापारियों, रिक्शा चालकों, यात्रियों और खरीदारी करने पहुंचने वाले लोगों को अब बड़ी राहत मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने कहा कि नगर निगम शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और नागरिक सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि शौचालय परिसर की नियमित सफाई, जलापूर्ति एवं प्रकाश व्यवस्था हर हाल में सुचारु रखी जाए ताकि आम लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके।
स्थानीय नागरिकों एवं दुकानदारों ने भी महापौर गरिमा देवी सिकारिया की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी और इस क्षेत्र के लोगों और राहगीरों को ऐसी सार्वजनिक सुविधा के लिए अब परेशान होना या इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।


