


मझौलिया से बब्लु कुमार पटेल की रिपोर्ट
मझौलिया थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां तीन दिनों से लापता एक वृद्ध व्यक्ति का शव गन्ने के खेत में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान बखरिया पंचायत अंतर्गत ओझोलिया पटखोलिया वार्ड संख्या 6 निवासी जोखन दास (65), पिता भिखम दास के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार, जोखन दास बीते तीन दिनों से घर से लापता थे। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिल सका था। शुक्रवार के दिन ग्रामीणों ने गन्ने के खेत में एक शव पड़ा देखा, जिसकी सूचना तत्काल मझौलिया थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया है
प्रथम दृष्टया गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक और भय का माहौल व्याप्त है।
पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और सभी बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा। यह जानकारी इंस्पेक्टर सह थानाअध्यक्ष अवनीश कुमार ने बताया है


