

बेतिया मोहन सिंह।
आगामी 3 जून से 5 जून तक चलने वाले तीन दिवसीय मतदाता जागरूकता अभियान की तैयारियों को लेकर स्वीप कोषांग की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी रोचना माद्री ने की। बैठक में कार्यक्रम के सुचारू संचालन सुश्री मेरी एडलीन ने किया तथा व्यापक जनसहभागिता को सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न सुझावों और योजनाओं पर चर्चा की ।
तीन दिवसीय अभियान के अंतर्गत साइकिल दिवस के अवसर पर साइकिल रैली, जन संवाद, और मतदाता पर्यावरण उत्सव जैसे जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन प्रस्तावित है। इन गतिविधियों का उद्देश्य नागरिकों में मतदान के प्रति सजगता और जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना है।
बैठक में कार्यक्रम को अधिक प्रभावशाली और आकर्षक बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। साथ ही आयोजन स्थल, प्रतिभागियों की भूमिका, प्रचार-प्रसार, और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर स्वीप कोषांग के सदस्य रामइकबाल, संजय कुमार कुशवाहा, पर्यावरणविद डॉ. दुर्गा दत्त पाठक, नगर निगम बेतिया के ब्रांड एम्बेसडर आदित्य मधुकर, तथा नुक्कड़ नाटक टीम के प्रतिभाशाली बाल कलाकार भी उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को जनसंपर्क और जनजागरूकता की दिशा में मील का पत्थर बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव साझा किए।
सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी रोचना माद्री ने कहा, “यह अभियान केवल मतदान के महत्व को बताने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे एक सामाजिक चेतना आंदोलन के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा, जिसमें मतदान के साथ पर्यावरण, जन संवाद और रचनात्मक अभिव्यक्तियों को भी जोड़ा जाएगा।”
इस तीन दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम को लेकर उत्साह चरम पर है, और प्रशासनिक तंत्र के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी इसे एक सफल और प्रेरणादायी आयोजन में तब्दील करने की दिशा में अग्रसर है।


