
मानव श्रृंखला, पिरामिड, रंगोली, झांकियां, सेल्फी प्वाइंट, हस्ताक्षर अभियान और पेंटिंग्स से गूंजेगा मतदान महापर्व का संदेश।
बेतिया मोहन सिंह।
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 के अवसर पर जिले में मतदाता जागरूकता को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से जिला स्वीप कोषांग द्वारा 7 नवम्बर को स्थानीय महाराजा स्टेडियम में एक भव्य एवं आकर्षक मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
इस आयोजन में मतदाता जागरूकता को रचनात्मक स्वरूप देने के लिए विभिन्न कलात्मक और जनसहभागी गतिविधियों का समावेश किया गया है। कार्यक्रम के दौरान मानव श्रृंखला के माध्यम से अशोक चक्र का निर्माण, रंगोली के माध्यम से भारत निर्वाचन आयोग का लोगो, तथा मतदान का संदेश देता हुआ पिरामिड तैयार किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त ’’मतदान के प्रति अपील करती हुई आकर्षक झांकियां, छात्र-छात्राओं द्वारा बनाई गई मतदाता जागरूकता पेंटिंग्स, सेल्फी प्वाइंट, और हस्ताक्षर अभियान जैसे अनेक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। समूचे स्टेडियम में नागरिकों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों और अधिकारियों की मानव श्रृंखला के माध्यम से हर वोट महत्वपूर्ण है, का सशक्त संदेश प्रसारित किया जाएगा।
जिला स्वीप कोषांग की नोडल पदाधिकारी श्रीमती नगमा तबस्सुम एवं सदस्या सुश्री मेरी एडलीन ने बताया कि यह कार्यक्रम जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी, पश्चिम चम्पारण, धर्मेन्द्र कुमार के दिशा-निर्देश के आलोक में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में निरंतर मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि 11 नवम्बर 2025 (मंगलवार) को होने वाले मतदान में शत-प्रतिशत मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।


