





मझौलिया से बब्लु कुमार पटेल की रिपोर्ट
मझौलिया प्रखंड अंतर्गत कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), माधोपुर मे बेतिया से माननीय सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने अन्य गणमान्य अतिथियों के साथ केंद्र का भ्रमण करने पहुँचे। उनके आगमन पर केवीके प्रमुख डा. अभिषेक प्रताप सिंह के नेतृत्व में केंद्र के वैज्ञानिकों एवं कर्मचारियों द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया गया।
दौरे के दौरान माननीय सांसद ने केवीके फार्म पर स्थापित विभिन्न प्रदर्शन एवं प्रक्षेत्रीय इकाइयों का निरीक्षण किया तथा विकसित भारत – रोजगार एवं आजीविका की गारंटी मिशन (ग्रामीण) विधेयक, 2025 (V.B.G.RAM-G) कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, कृषि आधारित उद्यमिता एवं किसानों की आय वृद्धि पर अपने विचार व्यक्त किए।
माननीय सांसद ने मशरूम उत्पादन इकाई, बीज उत्पादन प्रक्षेत्र, एकीकृत कृषि प्रणाली (Integrated Farming System), न्यूट्री गार्डन, प्राकृतिक खेती प्रदर्शन इकाई सहित अन्य तकनीकी इकाइयों का अवलोकन कर गहरी प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने इन गतिविधियों को सतत कृषि, पोषण सुरक्षा एवं कृषकों की आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में अत्यंत प्रभावी बताया।
इस अवसर पर केवीके प्रमुख डॉ. अभिषेक प्रताप सिंह ने केंद्र की प्रमुख गतिविधियों एवं विस्तार कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। माननीय सांसद ने वैज्ञानिकों डॉ. जगपाल, डॉ. चेल्पुरी रामलू, डॉ. सौरभ दुबे एवं डॉ. बी.आर. हर्षा सहित केवीके के सहायक कर्मचारियों से संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की तथा भविष्य की योजनाओं हेतु महत्वपूर्ण सुझाव एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान केवीके के सभी वैज्ञानिक, तकनीकी एवं गैर-तकनीकी कर्मचारी उपस्थित रहे, जिससे यह दौरा अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायक रहा।


