



मझौलिया से बब्लु कुमार पटेल की रिपोर्ट
मझौलिया थाना क्षेत्र के बैठानिया भानचाक पंचायत में लाखों रुपये की लागत से निर्मित सार्वजनिक शौचालय बदहाली का शिकार हो गया है। वर्तमान स्थिति इतनी जर्जर है कि यह उपयोग के लायक नहीं बचा। शौचालय की दीवारों से प्लास्टर उखड़ चुका है, दरवाजे टूटे पड़े हैं और अंदर गंदगी के साथ झाड़ियां उग आई हैं। सबसे बड़ी समस्या पानी की व्यवस्था का पूरी तरह ठप होना है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय ग्रामीणों ने आज 3जनवरी करीब 12बजे आरोप लगाते हुए बताया कि शौचालय निर्माण में वास्तविक काम कम और कागजी औपचारिकताएं अधिक हुईं। सरकारी राशि की बंदरबांट के चलते नियमित रखरखाव नहीं हुआ, नतीजतन यह शौचालय शो-पीस बनकर रह गया। हैरानी की बात यह है कि जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि अब तक इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठा सके हैं।
ग्रामीणों नवीन कुमार रवि रंजन कुमार रंजन कुमार ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और शौचालय की शीघ्र मरम्मत कर चालू कराने की मांग की है, ताकि स्वच्छता अभियान का उद्देश्य साकार हो सके।


