



बेतिया मोहन सिंह। चनपटिया थाना क्षेत्र अंतर्गत चुहड़ी सिसवनिया ग्राम स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय के पास एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिये जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस घटना में अजित पासवान को दाहिने साइड सीने में गोली लगी है, जिससे उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।गोली लगने के बाद युवक ने किसी तरह इसकी सूचना अपने भाई सुजीत कुमार को दी। सूचना मिलते ही सुजीत मौके पर पहुंचे और घायल अजित को तत्काल जीएमसीएच (गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज) अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है और स्थिति नाजुक बनी हुई है।घटना की जानकारी मिलते ही चनपटिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि घटना के समय अजित के साथ तीन अन्य दोस्त भी मौजूद थे, लेकिन गोली लगते ही वे मौके से फरार हो गए।फिलहाल गोली लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।


