Wednesday, June 17, 2026
Homeबेतियाअधिनायक लिपिक भर्ती परीक्षा कदाचारमुक्त एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न करायी जायेगी:...

अधिनायक लिपिक भर्ती परीक्षा कदाचारमुक्त एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न करायी जायेगी: जिला पदाधिकारी।

10 जून को 11 परीक्षा केन्द्रों पर होगी अधिनायक लिपिक भर्ती परीक्षा, सभी तैयारियां पूरी।

परीक्षा केन्द्रों पर जैमर, सीसीटीवी, बायोमेट्रिक एवं वीडियोग्राफी की होगी व्यवस्था।

बेतिया मोहन सिंह।

बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग के विज्ञापन संख्या-01/2026 के तहत बिहार गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग में अधिनायक लिपिक पद पर नियुक्ति हेतु आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा को कदाचारमुक्त, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा आगामी 10 जून 2026 को जिले के 11 परीक्षा केन्द्रों पर एकल पाली में आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय पूर्वाह्न 10.00 बजे से अपराह्न 12.00 बजे मध्याह्न तक निर्धारित है।

परीक्षा के सफल संचालन को लेकर समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी स्टैटिक दंडाधिकारी-सह-प्रेक्षक, जोनल दंडाधिकारी-सह-समन्वय प्रेक्षक, महिला दंडाधिकारी, उड़नदस्ता दल के पदाधिकारी एवं केन्द्राधीक्षक उपस्थित रहे। जिला पदाधिकारी ने परीक्षा संचालन से जुड़े सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए प्रत्येक स्तर पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि परीक्षा में वस्तुनिष्ठ प्रकार के कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। अभ्यर्थियों के लिए रिपोर्टिंग समय सुबह 8.30 बजे निर्धारित किया गया है। परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व अर्थात 9.30 बजे तक ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इसके बाद किसी भी परिस्थिति में किसी अभ्यर्थी को परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सभी केन्द्राधीक्षकों एवं दंडाधिकारियों को यह व्यवस्था सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया गया है।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं गंभीरता के साथ करें। उन्होंने चेतावनी दी कि परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर छोटी-सी भी चूक या निर्देशों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर जैमर, सीसीटीवी कैमरा, बायोमेट्रिक सत्यापन एवं वीडियोग्राफी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही इन व्यवस्थाओं के संचालन में लगे कर्मियों की भी विशेष निगरानी रखी जाए ताकि किसी प्रकार की तकनीकी या मानवीय त्रुटि की संभावना न रहे।

उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा केन्द्रों के मुख्य द्वार पर प्रत्येक अभ्यर्थी की गहन तलाशी ली जाए तथा किसी भी प्रतिबंधित सामग्री को केन्द्र परिसर में प्रवेश करने की अनुमति न दी जाए। सहायक केन्द्राधीक्षक अथवा नियुक्त वीक्षक द्वारा पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से लगातार उद्घोषणा कर अभ्यर्थियों को यह जानकारी दी जाएगी कि लिखित सामग्री, प्रवेश पत्र पर किसी प्रकार की लिखावट, सादा कागज, क्लिपबोर्ड, स्लाइड रूल, कैलकुलेटर, मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, डिजिटल डायरी, पॉमटॉप, पीडीए अथवा अन्य कोई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केन्द्र के अंदर ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित है।

जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा दिवस पर विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अग्निशमन व्यवस्था को भी सुदृढ़ रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा परीक्षा का संचालन शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं।

उल्लेखनीय है कि यह परीक्षा जिले के राज सीनियर सेकेंड्री स्कूल, मीना बाजार बेतिया, पीएम विपिन हाई स्कूल बेतिया, महंथ रामरूप गोस्वामी कॉलेज बानूछापर, आमना उर्दू सीनियर सेकेंड्री प्लस टू स्कूल मिर्जाटोली, राज्य संपोषित कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय राज ड्योढ़ी, पीएम श्री गवर्नमेंट प्लस टू हाई स्कूल कुमारबाग, प्रोजेक्ट गर्ल्स प्लस टू हाई स्कूल कठैया नौतन, यूएचएस शेखौना मोतिहारी रोड, नेशनल पब्लिक हाई स्कूल इन्द्रपुरी, गवर्नमेंट आदर्श विपिन मिडिल स्कूल हॉस्पिटल रोड तथा उत्क्रमित उच्च विद्यालय बरवत सेना सहित कुल 11 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की जाएगी।

बैठक में अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी रविन्द्र कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी बेतिया सदर विकास कुमार सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments

Would you like to receive notifications on latest updates? No Yes