




बेतिया मोहन सिंह।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की शाखा, चनपटिया ओम शांति नगर वार्ड नं०–3 स्थित शांति अनुभूति भवन का 4वाँ वार्षिक उत्सव बड़े ही हर्ष, उमंग एवं आध्यात्मिक वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, केक कटिंग एवं आध्यात्मिक अनुभूति के साथ हुआ।
इस अवसर पर चनपटिया क्षेत्र के विधायक अभिषेक रंजन, चेयरमैन राजकिशोर जी एवं रंजनी देवी जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी रीना बहन एवं पुष्पा बहन ने आध्यात्मिक विचार रखते हुए कहा कि “वर्तमान समय में मनुष्य को बाहरी सुख-सुविधाओं से अधिक आंतरिक शांति और आत्मिक शक्ति की आवश्यकता है। जब आत्मा परमात्मा की याद में स्थित होती है, तब जीवन में सुख, शांति और सकारात्मकता स्वतः आने लगती है।”
उन्होंने आगे कहा कि शांति अनुभूति भवन केवल एक भवन नहीं, बल्कि समाज को संस्कार, संयम, सकारात्मक सोच और आध्यात्मिक जागृति प्रदान करने का एक दिव्य केंद्र है। यहाँ नियमित रूप से राजयोग मेडिटेशन, नैतिक शिक्षा एवं तनावमुक्त जीवन जीने की कला सिखाई जाती है, जिससे अनेक लोग अपने जीवन में नई ऊर्जा और आत्मिक शांति का अनुभव कर रहे हैं।
विधायक अभिषेक रंजन भाई जी ने कहा इस संस्था का कार्य वाकई समाज को एक स्वर्णिम दिशा की ओर ले जा रहा है और वर्तमान समय खुद को मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के लिए एक मात्र मेडिटेशन ही उपचार हैं और सभी को आग्रह करते हैं कि वह भी इस स्थान पर आकर सुख शांति की अनुभूति प्राप्त करें ।
चेयरमैन रजनी बहन जी एवं राजकिशोर भाई जी ने कहा यहां जब भी हम आते है और जो सुख और शांति की अनुभूति हमें यहां मिलता है । वह सच मे सराहनीय है।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा समाज में किए जा रहे आध्यात्मिक एवं नैतिक उत्थान के कार्यों की सराहना की तथा कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में भाईचारा, प्रेम और सकारात्मक वातावरण का निर्माण करते हैं।
पूरे कार्यक्रम का वातावरण आध्यात्मिक गीत, शुभकामनाओं एवं आनंदमय उत्साह से सराबोर रहा। अंत में सभी को ईश्वरीय प्रसाद वितरण कर विश्व शांति की कामना की गई।


