



नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 43 के रानीपकड़ी बस्ती से बाहर और नहर के समीप नगर निगम द्वारा बन रहे मुक्ति धाम का महापौर ने किया दल बल सहित निरीक्षण,
महापौर ने नगर निगम के विभिन्न वार्डों की बुनियादी सुविधा के तौर पर सुव्यवस्थित मुक्तिधाम का निर्माण जारी रहने की दी जानकारी,
बेतिया मोहन सिंह।
नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 43 अंतर्गत रानीपकड़ी बस्ती से बाहर और नहर के समीप नगर निगम बोर्ड द्वारा पारित प्रस्ताव के आधार बन रहे सुव्यवस्थित मुक्तिधाम का महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने निरीक्षण किया। इस मौके पर साइट इंचार्ज अभियंता सुजय सुमन और नगर पार्षद पुत्र हैदर अली के साथ दर्जनों जागरूक लोगों की मौजूदगी रही। इस मौके पर महापौर श्रीमती सिकारिया ने कहा कि नगर निगम के प्रत्येक वार्ड की बुनियादी सुविधा के तौर पर सुव्यवस्थित मुक्तिधाम का निर्माण जरूरी है। उन्होंने बताया कि छठे वित्त आयोग के आवंटन की राशि से इसका निर्माण नगर निगम बोर्ड के निर्णय के आधार पर कराया गया है। इसके साथ ही महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि इससे पूर्व नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 36, 37 और 2 में भी सुविधा सम्पन्न मुक्तिधाम का निर्माण कराया जा चुका है। वही संतघाट मुक्तिधाम का जीर्णोद्धार भी फाइनल स्टेज में है। वार्ड 43 के साथ ही नगर निगम क्षेत्र के अन्य छह वार्डों में भी अलग अलग मुक्ति धाम का निर्माण कार्य नगर निगम बोर्ड की स्वीकृति के अनुसार प्रगति पर है। वार्ड 43 में बने मुक्ति धाम के निरीक्षण के दौरान महापौर ने परिसर की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, शेड, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने नगर निगम के कनीय अभियंता सुजय सुमन को निर्देश दिया कि मुक्ति धाम की नियमित देखरेख सुनिश्चित की जाए, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर उपस्थित स्थानीय नागरिकों को संबोधित करते हुए महापौर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहरवासियों को सम्मानजनक और बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि मुक्ति धाम जैसी सुविधाएं न केवल आवश्यक हैं, बल्कि यह समाज के प्रति संवेदनशील प्रशासन की पहचान भी है।
महापौर ने लोगों से अपील की कि वे इस सार्वजनिक संपत्ति की देखभाल करें और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों की गति आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगी, जिससे हर वार्ड में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो सके। मौके पर मौजूद नगर निगम पार्षद के पुत्र हैदर अली और स्थानीय नागरिकों ने इस पहल के लिए नगर निगम और महापौर के प्रति आभार व्यक्त किया तथा इसे क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया।


