



मझौलिया से बब्लु कुमार पटेल की रिपोर्ट
मझौलिया प्रखंड क्षेत्र के बखरिया पंचायत स्थित राजघाट मंदिर परिसर में महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अहले सुबह से ही भक्तों का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया था, जो देर शाम तक जारी रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक तथा बेलपत्र अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
मंदिर के बाहर पूजा सामग्री, फल-फूल और प्रसाद की दुकानों पर भी काफी चहल-पहल देखी गई। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ पूजा-अर्चना में भाग लिया। भीड़ को देखते हुए स्थानीय ग्रामीणों और मंदिर समिति के सदस्यों ने व्यवस्था संभाली, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।
वहीं, सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन की भी सतर्क निगरानी रही। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई थीं। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन से पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा मौके पर उपस्थित समाजसेवी निक्कू प्रसाद मुखिया पति एकबाली राम पूरण दास सरपंच प्रतिनिधि पूर्व सरपंच मनोज प्रसाद अशर्फी प्रसाद संदीप पटेल बृजेश पटेल चंदन पटेल दीपक प्रसाद आदि लोगों उपस्थित रहे


