


मझौलिया से बब्लु कुमार पटेल की रिपोर्ट
मझौलिया मे ए.एच. होली मिशन स्कूल में आयोजित प्राइवेट स्कूल एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन इकाई की बैठक बुधवार को शिक्षा जगत के लिए खास साबित हुई।सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई इस बैठक में प्रखंड के दर्जनों निजी विद्यालयों के प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत बीडीओ डॉ. राजीव रंजन कुमार, अपर थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार और बीएओ अबुलैश अंसारी को सम्मानित कर की गई।अपने प्रेरक संबोधन में बीडीओ डॉ. राजीव रंजन कुमार ने कहा कि शिक्षक ही ऐसे दीपक हैं जो समाज में ज्ञान, संस्कार और अनुशासन का प्रकाश फैलाते हैं। उन्होंने कहा कि “मन के हारे हार, मन के जीते जीत” का संदेश हर शिक्षक अपने विद्यार्थियों तक पहुँचाएं, ताकि वे जीवन में नई मिसाल कायम कर सकें। उन्होंने वर्तमान शिक्षा नीति में बढ़ती व्यावसायिकता पर भी चिंता जताई और शिक्षा को सेवा आधारित बनाने पर जोर दिया।जिला सचिव अरसद सरहदी ने कहा कि निजी विद्यालयों की मजबूती संगठन की एकजुटता पर निर्भर करती है। उन्होंने यू-डायस, नामांकन प्रक्रिया, आपार आईडी और स्कूल संचालन से जुड़ी चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। बीएओ अबुलैश अंसारी ने शिक्षा की गुणवत्ता को समाज परिवर्तन की कुंजी बताया।प्रखंड अध्यक्ष सनत कुमार होत्री और विद्यालय निदेशक जुबेर अहमद ने कहा कि निजी विद्यालय ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा का आधार स्तंभ बने हुए हैं, लेकिन कठोर सरकारी नीतियों के कारण कई स्कूल संकट में हैं। उन्होंने मांग की कि शिक्षा विभाग निजी विद्यालयों की समस्याओं पर गंभीर पहल करे, ताकि बेरोजगार युवाओं को रोजगार और बच्चों को बेहतर शिक्षा मिलती रहे।बैठक के अंत में सभी शिक्षकों ने एक स्वर से तय किया कि निजी विद्यालयों की बेहतरी और शिक्षा सुधार के लिए सामूहिक रूप से प्रयास तेज किए जाएँगे। बैठक में अनिल कुमार शर्मा, विजय कुमार यादव, सूरज यादव, अमरेश कुमार, चंदन कुमार, शाहबाज आलम, शमशाद आलम सहित कई प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


