


मझौलिया से बब्लु कुमार पटेल की रिपोर्ट
मझौलिया। थाना क्षेत्र के धोकराहा चौक के समीप शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। ब्लोरो और बाइक की जोरदार टक्कर में सेंवरिया गांव वार्ड संख्या 3 निवासी 18 वर्षीय अमित कुमार भगत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पड़ोसी पवन गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल पवन का उपचार मझौलिया पीएचसी में चल रहा है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
मृतक के पिता योगेन्द्र भगत ने बताया कि दोनों युवक बगहा अपनी बहन के यहां कपड़ा लेने बाइक से जा रहे थे। जैसे ही वे धोकराहा चौक के पास मोड़ पर पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार ब्लोरो ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अमित ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल पवन को पीएचसी पहुंचाया।
सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि अमित की बहन अंतिमा कुमारी की शादी अगले दिन यानी 29 तारीख को होनी थी।बेतिया के चारागाह से बारात आने वाली थी।आज घर में हनुमान आराधना, कथा और मटकोर का कार्यक्रम होना था, लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। चार बहन और तीन भाइयों में अमित सबसे लाड़ला था। मां मंतूरा देवी और पिता योगेन्द्र भगत का रो-रोकर बुरा हाल है। शादी से सजा घर देखते ही देखते मातम और चीख-पुकार से भर गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
सूचना पर थानाध्यक्ष अवनीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि ब्लोरो को जब्त कर लिया गया है और उसके चालक को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु जीएमसीएच भेज दिया है। आवेदन मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


