





कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े लोग, प्रशासन ने दिया सख्त कदम का भरोसा।
बेतिया मोहन सिंह।
लौरिया से इस समय एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां छठ पूजा से जुड़े आस्था के प्रतीक स्तूप को तोड़े जाने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है और ग्रामीणों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार लौरिया प्रखंड के बसवरिया पराऊटोला पंचायत स्थित ठाकुर टोला गांव में सोमवार की रात कुछ अज्ञात शरारती तत्वों ने छठ घाट पर बने स्तूप को क्षतिग्रस्त कर दिया। मंगलवार सुबह जब ग्रामीण पूजा स्थल पर पहुंचे तो स्तूप टूटा हुआ पाया, जिसके बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने लौरिया-बेतिया मुख्य मार्ग एनएच-727 को जिरिया बंगलीन माई स्थान के समीप जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
सूचना मिलते ही लौरिया थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने की कोशिश की। ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार शाम तक वे सभी छठ घाट की साफ-सफाई और रंगाई-पुताई कर घर लौटे थे, लेकिन रात में किसी ने स्तूप को नुकसान पहुंचा दिया।
ग्रामीणों ने थानाध्यक्ष को लिखित शिकायत भी सौंपी है, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति का नाम शामिल किया गया है।
मामले की सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी सह बीडीओ संजीव कुमार भी मौके पर पहुंचे और दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा ने कहा कि छठ स्तूप को क्षति पहुंचाना धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने जैसा है और इस मामले में गहन जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आवेदन देने वालों में कौशल्या देवी, दीपक कुमार, साहब पासवान, विवेक पासवान, राजन कुमार, ललन ठाकुर, बच्चा ठाकुर, गिरजाशंकर ठाकुर, संदीप ठाकुर, अजय ठाकुर, सरपंच सुदामा राम, अंबुज ठाकुर, लखन गुप्ता, शशि चंद्रा राम, मंजू मुसहर, अतुल ठाकुर, कैलाश ठाकुर, बचनदेव ठाकुर, सिडू कुमार, लालबाबू ठाकुर सहित लगभग 60 ग्रामीण शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।


