बेतिया मोहन सिंह। पश्चिम चम्पारण जिले में राजस्व कार्यों को बाधित करने और कर्मचारियों को सामूहिक हड़ताल के लिए उकसाने के गंभीर आरोप में जिलाधिकारी, श्री तरनजोत सिंह ने दो राजस्व कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। ज्ञातव्य हो कि मझौलिया अंचल के राजस्व कर्मचारी ललन कुमार भारती और गौनाहा अंचल के राजस्व कर्मचारी राहुल रंजन पर जिले के अन्य कर्मियों को सामूहिक अवकाश पर जाने हेतु प्रेरित करने का आरोप है, जिसके कारण 11 फरवरी 2026 से जिले के सभी राजस्व कर्मचारी हड़ताल पर चले गए थे। इस हड़ताल की वजह से आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य जैसे जमाबंदी संशोधन, आधार सीडिंग, सरकारी भूमि का सत्यापन और लोक सेवाओं के अधिकार (RTPS) के कार्य पूरी तरह बाधित हो गए हैं, साथ ही भारत की जनगणना-2027 जैसे राष्ट्रीय महत्व के समयबद्ध कार्य को भी विफल करने का प्रयास किया गया है।निलंबन की इस कार्रवाई में स्पष्ट किया गया है कि दोनों कर्मचारियों ने मुख्य सचिव, बिहार के निर्देशों के बावजूद साप्ताहिक बैठकों में असहयोग किया और बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली, 1976 के नियमों का उल्लंघन करते हुए वरीय पदाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना की।उक्त के आलोक में जिला पदाधिकारी द्वारा बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली-2005 के तहत कार्रवाई करते हुए ललन कुमार भारती को निलंबित कर उनका मुख्यालय भूमि सुधार उप समाहर्त्ता कार्यालय, नरकटियागंज तय किया गया है, जबकि राहुल रंजन का निलंबन अवधि का मुख्यालय भूमि सुधार उप समाहर्त्ता कार्यालय, बगहा निर्धारित किया गया है।


