
मझौलिया से बब्लु कुमार पटेल की रिपोर्ट
मझौलिया प्रखंड क्षेत्र के धोकराहा पंचायत के वार्ड संख्या-6 स्थित पुरैना सरेह में बुधवार सुबह दर्दनाक हादसे में अकड़ाहा नदी में डूबने से दो मासूम छात्राओं की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक छात्राओं की पहचान बरवा सेमरा घाट पंचायत के ओझा मठिया गांव निवासी शत्रोहन साह की 13 वर्षीय पुत्री राधा कुमारी एवं दशरथ साह की 12 वर्षीय पुत्री गुंजा कुमारी के रूप में हुई है। दोनों राजकीय प्राथमिक विद्यालय, ओझा मठिया की कक्षा चार की छात्राएं थीं।
परिजनों के अनुसार, दोनों बच्चियां अन्य साथियों के साथ चारा काटने पुरैना सरेह गई थीं। इसी दौरान अकड़ाहा नदी के किनारे पैर फिसलने से वे गहरे पानी में डूब गईं। बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और एसडीआरएफ को सूचना दी।परिजनों ने आरोप लगाया कि सूचना के करीब एक घंटे बाद एसडीआरएफ टीम पहुंची। उनका कहना है कि समय पर बचाव कार्य शुरू होता तो दोनों की जान बच सकती थी। बाद में दोनों के शव नदी से बाहर निकाले गए।थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया, जिसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव उन्हें सौंप दिया गया। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।


