


चालक पुलिस अभिरक्षा में, जांच तेज
मझौलिया से बब्लु कुमार की रिपोर्ट
मझौलिया स्थानीय पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रविवार देर रात थाना क्षेत्र अंतर्गत लालसरैया चौक के समीप एनएच-727 बेतिया–मोतिहारी मुख्य मार्ग पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध ट्रक को जब्त किया है।सूत्र बताते हैं की ट्रक में भारी मात्रा में तरल पदार्थ प्लास्टिक के डब्बा एवं टीन का जार में लदा हुआ पाया गया है, जिसे लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस ने ट्रक चालक को अभिरक्षा में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं पुलिस सूत्र के अनुसार रात्रि गश्ती के दौरान पुलिस की नजर पटना की तरफ जा रही एक संदिग्ध ट्रक पर पड़ी
ट्रक का रजिस्ट्रेशन नंबर UP 65 KT 6870 है। शंका के आधार पर जब ट्रक को रोका गया और तलाशी ली गई, तो उसमें बड़ी मात्रा में तरल पदार्थ बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में यह तरल पदार्थ किसी सामान्य व्यावसायिक सामग्री जैसा प्रतीत नहीं हो रहा था, जिससे पुलिस की आशंका और गहरी हो गई। इस संदर्भ में इंस्पेक्टर सह थाना अध्यक्ष अवनीश कुमार ने बताया कि
ट्रक में लदा तरल पदार्थ किसी प्रकार का लिक्विड केमिकल अथवा अन्य तरल सामग्री हो सकता है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह पदार्थ वैध है या अवैध। एहतियातन तरल पदार्थ का सैंपल लेकर जांच के लिए संबंधित प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह तय हो सकेगा कि ट्रक में लदा पदार्थ कानूनन वैध है या किसी अवैध गतिविधि से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि
चालक से पूछताछ में बताया है कि ट्रक उत्तर प्रदेश से तरल पदार्थ लेकर पटना जा रहा था। हालांकि वह माल के स्वामित्व, ढुलाई से जुड़े कागजात और माल के वास्तविक उपयोग के बारे में संतोषजनक जानकारी नहीं दे सका। पुलिस ट्रक मालिक, माल के स्रोत और गंतव्य से जुड़े सभी बिंदुओं की बारीकी से जांच कर रही है।


