
भव्य रोड शो, सांस्कृतिक कार्यक्रम और युवा संवाद से गूंजेगा बेतिया।
ऑडिटोरियम में युवा संवाद सत्र में करेंगे युवाओं को मतदान के लिए प्रेरित।
जिला स्वीप कोषांग की पहल पर होगा भव्य रोड शो और सांस्कृतिक कार्यक्रम।
बेतिया मोहन सिंह।
बिहार विधान सभा आम निर्वाचन-2025 के अवसर पर मतदाता जागरूकता अभियान को नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से बिहार राज्य स्वीप आइकॉन एवं प्रसिद्ध अभिनेता क्रांति प्रकाश झा 05 नवम्बर 2025 को पश्चिम चम्पारण जिला मुख्यालय बेतिया पहुंच रहे हैं।
इस दौरान श्री झा जिले में आयोजित विभिन्न मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों में भाग लेंगे और आम नागरिकों, युवाओं एवं विद्यार्थियों से संवाद कर शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित करेंगे।
नोडल पदाधिकारी, जिला स्वीप कोषांग, श्रीमती नगमा तबस्सुम ने बताया कि क्रांति प्रकाश झा का बेतिया आगमन पूर्वाह्न 10:00 बजे निर्धारित है। इस अवसर पर जिला स्वीप कोषांग द्वारा एक भव्य मतदाता जागरूकता रोड शो का आयोजन किया गया है, जिसमें बड़ी संख्या में युवा, शिक्षक, छात्र-छात्राएँ, स्वयंसेवी संगठन एवं अधिकारीगण भाग लेंगे। रोड शो के पश्चात श्री झा स्थानीय ऑडिटोरियम में आयोजित मतदाता जागरूकता सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं युवा संवाद सत्र में सम्मिलित होंगे, जहाँ वे युवाओं को मतदान के महत्व एवं जिम्मेदारी के प्रति प्रेरित करेंगे।
शउन्होंने बताया कि क्रांति प्रकाश झा जैसे जनप्रिय चेहरे के जुड़ने से स्वीप अभियान को नई गति मिलेगी। उनका संदेश युवाओं के बीच मतदान को लेकर एक सकारात्मक माहौल बनाएगा।
उन्होंने कहा कि जिले में स्वीप कोषांग के माध्यम से लगातार साइकिल रैली, पोस्टर प्रतियोगिता, सांस्कृतिक आयोजन, नुक्कड़ नाटक, रैली एवं सोशल मीडिया अभियान चलाए जा रहे हैं ताकि मतदाता मतदान दिवस पर अपने अधिकार का प्रयोग अवश्य करें।
उन्होंने सभी नागरिकों, विद्यार्थियों एवं संगठनों से अपील की है कि वे 5 नवम्बर को आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लें और आगामी 11 नवम्बर 2025 को होने वाले मतदान में अधिक से अधिक संख्या में मत डालें।


