


बेतिया मोहन सिंह।
नगर के कालीबाग थाना क्षेत्र अंतर्गत घुसुकपुर झिलिया के पास एक व्यक्ति की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान राजेंद्रनगर निवासी राजकुमार सोनी के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजकुमार अपने छोटे पुत्र की तलाश में रात को घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। इसी बीच रात करीब 11 बजे कालीबाग थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में घुसुकपुर मस्जिद के पास पड़ा हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए जीएमसीएच अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पुत्र ने बताया कि उनके पिता की हत्या धारदार हथियार से की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात अपराधियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है।
इस नृशंस हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छानबीन कर रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के कारणों और आरोपियों का पता लगाया जा सके।


