

मझौलिया से बब्लु कुमार पटेल की रिपोर्ट
मझौलिया थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दुबौलिया गांव निवासी दीपक मिश्रा के घर से 29 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। यह कार्रवाई थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर रोक लगाने के उद्देश्य से की गई।
थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दीपक मिश्रा अपने घर में अवैध रूप से शराब का भंडारण और बिक्री कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम गठित कर उसके आवास पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान घर से कुल 29 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसमें 8 पीएम, किंगफिशर और रॉयल स्टेज जैसे ब्रांड शामिल हैं।
हालांकि पुलिस के पहुंचते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर ही शराब को जब्त कर लिया और संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर सख्ती से रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब की बिक्री या भंडारण की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।


