



बेतिया मोहन सिंह। पश्चिम चंपारणजिला को-ऑपरेटिव बैंक में आपराधिक एवं सूचना अन्वेषण विभाग के आयकर निदेशक ए. एच. चौधरी के नेतृत्व में आठ सदस्यीय टीम द्वारा छापेमारी की जा रही है। इस कार्रवाई से बैंक परिसर में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। टीम द्वारा बैंक के विभिन्न अभिलेखों और वित्तीय दस्तावेजों की गहनता से जांच की जा रही है। आयकरनिदेशक ए. एच. चौधरी ने बताया कि जांच के दौरान बैंक के लेन-देन, खातों और अन्य महत्वपूर्ण कागजातों का बारीकी से निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या गड़बड़ी का पता लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा। वहीं जांच दल में शामिल एक पदाधिकारी ने बताया कि बैंक को प्रति वर्ष की रिपोर्ट आयकर विभाग को देना है, लेकिन बैंक द्वारा पिछले तीन वर्षों से कोई भी रिपोर्ट आयकर विभाग को नहीं दी जा सकी है।सूत्रों के अनुसार, इस छापेमारी का उद्देश्य बैंक में संभावित वित्तीय अनियमितताओं की जांच करना है। टीम फिलहाल सभी आवश्यक दस्तावेजों को खंगालने में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।


