

पुलिस ने लिया हिरासत में
मझौलिया से बब्लु कुमार पटेल की रिपोर्ट
मझौलिया थाना क्षेत्र के जौकटिया गांव में बाइक चोरी के आरोप में ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़कर बिजली के पोल से बांध दिया और उसकी पिटाई कर दी। घटना उस समय हुई जब गांव निवासी शेख सलाउद्दीन की स्प्लेंडर बाइक खोलकर एक युवक भागने की कोशिश कर रहा था। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और युवक का पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने उसे बिजली के खंभे से बांध दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मझौलिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर अपने साथ थाने ले गई। पकड़े गए युवक की पहचान राममूर्ति कुमार, निवासी शिवराजपुर छड़की वार्ड संख्या 16 के रूप में हुई है। थाना अध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है तथा आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी। घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।


