

महापौर की अध्यक्षता में संपन्न सशक्त स्थायी समिति की बैठक में वार्ड दो में जमादार रोड की निविदा अविलंब जारी करने का आदेश,
नगर निगम बोर्ड व सशक्त समिति से प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त विकास योजनाओं के कार्यान्वयन की समीक्षा,
दीपावली और छठ पूजा महापर्व से पूर्व प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ बनाने के निर्णय का प्रस्ताव पारित,
बेतिया मोहन सिंह।
महापौर गरिमा देवी सिकारिया की अध्यक्षता में गुरुवार को आयोजित नगर निगम के सशक्त स्थायी समिति की बैठक में नगर निगम बोर्ड और सशक्त स्थायी समिति की बैठकों में प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त करोड़ों की दर्जनों विकास योजनाओं का गुणवत्ता पूर्ण कार्यान्वयन तेज करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि नगर निगम बोर्ड द्वारा पारित वार्ड नंबर 02 के पश्चिम करगहिया जमादार टोला के अशोक जायसवाल के घर से अरविंद साह तक पीसीसी सड़क और आरसीसी नाला की योजना को नगर विकास एवम आवास विभाग द्वारा प्रशासनिक स्वीकृति दे दी गई है। उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देशित किया कि वर्षों से जर्जर इस रोड की निविदा शीघ्र ही जारी की जाए। महापौर ने बताया कि कुल 2,00,67,000 रुपये की इस योजना को शुरू करने की प्रक्रिया नगर निगम प्रशासन के स्तर से शीघ्र ही शुरू की जाए। इसके साथ ही महापौर ने बीते माह नगर निगम बोर्ड के द्वारा पारित संबंधित प्रस्ताव को विहित प्रावधान के अनुसार प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करने के लिए नगर विकास एवम आवास विभाग का आभार जताया। इसके साथ ही महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि नगर निगम बोर्ड व सशक्त स्थायी समिति से प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त विकास योजनाओं के कार्यान्वयन की समीक्षा की गई। इस क्रम में दीपों के त्योहार दीपावली और छठ पूजा महापर्व से पूर्व पूरे नगर निगम क्षेत्र प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ बनाने के निर्णय का प्रस्ताव पारित किया गया।


