Friday, April 17, 2026
Homeबेतियासर्टिफिकेट केस का त्वरित निष्पादन करें सुनिश्चित : जिला पदाधिकारी।

सर्टिफिकेट केस का त्वरित निष्पादन करें सुनिश्चित : जिला पदाधिकारी।

बड़े बकायेदारों (डिफॉल्टर) से जुड़े मामलों को दें विशेष प्राथमिकता।

लाभुकों के लंबित आवेदनों पर बैंकों पर होगी कार्रवाई।

पीएम सूर्यघर योजना को गांव-गांव तक पहुंचाएं।

जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में सोमवारीय बैठक सम्पन्न।

बेतिया मोहन सिंह।

समाहरणालय सभागार में आयोजित सोमवारीय समीक्षा बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने नीलाम पत्र वाद (सर्टिफिकेट केस) के निष्पादन और सरकारी बकाया राशि की वसूली में तेजी लाने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी सर्टिफिकेट मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित किया जाए। जिन मामलों में नोटिस निर्गत हो चुका है, वहां समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिला पदाधिकारी ने बड़े बकायेदारों (डिफॉल्टर) से जुड़े मामलों को विशेष प्राथमिकता देने का निर्देश देते हुए कहा कि जहां संपत्ति कुर्की या नीलामी की आवश्यकता है, वहां विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी राजस्व की वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

उद्योग विभाग की समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र को निर्देश दिया कि विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत जिन लाभुकों के आवेदन अब तक बैंकों द्वारा निष्पादित नहीं किए गए हैं, उनकी सूक्ष्मता से समीक्षा कर सूची तैयार की जाए। दोषी पाए जाने वाले बैंकों के विरुद्ध ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही, सरकारी योजनाओं से लाभान्वित उद्यमियों को बिजली कनेक्शन, डेडिकेटेड फीडर आदि उपलब्ध कराने के लिए कार्यपालक अभियंता (विद्युत) को त्वरित गति से कार्रवाई करने को कहा गया, ताकि उद्यमियों को समय पर सुविधा मिल सके और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिले।

उन्होंने जिला पंचायती राज पदाधिकारी को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रखंड स्तर पर कार्यशालाओं का आयोजन कराया जाए। कार्यशालाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया, ताकि अधिक से अधिक जनप्रतिनिधि और आमजन योजना की जानकारी लेकर इसका लाभ उठा सकें।

जिला पदाधिकारी ने बैठक के दौरान अन्य विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निष्पादन, बेहतर समन्वय और परिणामोन्मुख कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, नगर आयुक्त, नगर निगम बेतिया सुश्री शिवाक्षी दीक्षित, अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार सहित अन्य जिलास्तरीय पदाधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments

Would you like to receive notifications on latest updates? No Yes