Tuesday, July 28, 2026
Homeबेतियासरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रभावी...

सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रभावी सूचना प्रसार जरूरी: उप विकास आयुक्त।

प्रभावी प्रचार-प्रसार में सभी विभाग निभाएं सक्रिय भूमिका।

मीडिया मॉनिटरिंग को सुदृढ़ करें, भ्रामक खबरों पर रखें कड़ी नजर।

सरकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं प्रभावी मीडिया मॉनिटरिंग को लेकर उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई समीक्षा बैठक।

भ्रामक समाचारों का तत्काल खंडन करते हुए समुचित कार्रवाई करने एवं सही सूचना जनता तक पहुंचाने का निर्देश।

बेतिया मोहन सिंह।

सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा मीडिया मॉनिटरिंग एवं मीडिया प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आज समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में उप विकास आयुक्त, काजले वैभव नितिन की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग, विभिन्न विभागों के समन्वय तथा मीडिया मॉनिटरिंग-सह-मीडिया प्रबंधन कोषांग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक की शुरुआत में वरीय उप समाहर्ता-सह-जिला सूचना एवं जनसम्पर्क पदाधिकारी श्रीमती रोचना माद्री ने बैठक के उद्देश्य, सरकार के निर्देशों, मीडिया मॉनिटरिंग की कार्यप्रणाली तथा विभिन्न विभागों की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरकार की जनहितकारी योजनाओं, विकासात्मक उपलब्धियों एवं सकारात्मक कार्यों की सही एवं तथ्यपरक जानकारी समय पर आम नागरिकों तक पहुंचाना सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी विभागों को नियमित रूप से गुणवत्तापूर्ण सूचनाएं, फोटो, वीडियो एवं सफलता की कहानियां उपलब्ध करानी होंगी।

बैठक को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त श्री काजले वैभव नितिन ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी सुनिश्चित होगा, जब आमजन को उनकी पूरी जानकारी समय पर और सरल भाषा में प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में सकारात्मक, प्रमाणिक एवं तथ्याधारित सूचनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना आवश्यक है, ताकि नागरिक योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठा सकें और प्रशासन के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हो।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपने-अपने क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों, नवाचारों, उपलब्धियों एवं जनहितकारी गतिविधियों का नियमित दस्तावेजीकरण करे तथा उन्हें विभिन्न प्रचार माध्यमों के जरिए आमजन तक पहुंचाने की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करे। इसके साथ ही विभागीय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का भी अधिक सक्रिय उपयोग किया जाए। उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि सभी विभाग प्रतिदिन अपनी महत्वपूर्ण गतिविधियों, उपलब्धियों एवं कार्यक्रमों से संबंधित प्रेस विज्ञप्ति, उच्च गुणवत्ता वाले फोटोग्राफ एवं वीडियो समय पर जिला जनसम्पर्क कार्यालय को उपलब्ध कराएं।

उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि विभिन्न समाचार माध्यमों एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रकाशित अथवा प्रसारित होने वाली भ्रामक, निराधार एवं तथ्यहीन खबरों पर सतत निगरानी रखी जाए। यदि किसी विभाग से संबंधित भ्रामक अथवा असत्य सूचना का प्रसार होता है, तो संबंधित विभाग तत्काल उसका तथ्यात्मक प्रतिवेदन उपलब्ध कराते हुए आवश्यक खंडन जारी करे तथा नियमानुसार विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि गलत एवं भ्रामक सूचनाओं का समयबद्ध प्रतिवाद कर आमजन के बीच सही एवं प्रमाणिक जानकारी पहुंचाना सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं, विशेष अभियानों एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, स्थानीय मीडिया एवं अन्य संचार माध्यमों के जरिए किया जाए। साथ ही, विभिन्न विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर योजनाओं की सफलता की वास्तविक कहानियों को भी आमजन तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हो सकें।

बैठक में मीडिया मॉनिटरिंग-सह-मीडिया प्रबंधन कोषांग के प्रभावी संचालन, समाचारों के त्वरित संकलन, विश्लेषण एवं समयबद्ध प्रतिवेदन तैयार करने सहित विभागीय समन्वय को और अधिक मजबूत बनाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर वरीय उप समाहर्ता-सह-जिला सूचना एवं जनसम्पर्क पदाधिकारी श्रीमती रोचना माद्री, सहायक निदेशक, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अब्दुल रशीद, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सौरभ आलोक, डीपीओ, आईसीडीएस श्रीमती कविता रानी, डीपीएम, जीविका आर.के. निखिल सहित विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments

Would you like to receive notifications on latest updates? No Yes