Saturday, June 13, 2026
Homeबेतिया17 एवं 18 जून को सभी प्रखंडों में लगेगा प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण...

17 एवं 18 जून को सभी प्रखंडों में लगेगा प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर : जिला पदाधिकारी।

अंतिम पात्र लाभार्थी तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता।

शिविर में आवेदन, निबंधन, ई-केवाईसी, सत्यापन एवं लाभ वितरण की होगी व्यवस्था।

बेतिया मोहन सिंह।

जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर के सफल आयोजन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र लाभार्थियों तक सुनिश्चित रूप से पहुंचाने हेतु विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिला पदाधिकारी ने बताया कि सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार पंचायतों एवं नगर निकायों में संचालित सहयोग शिविर पूर्ववत जारी रहेंगे। इसके अतिरिक्त जिले के सभी प्रखंडों में एक साथ दिनांक 17 एवं 18 जून 2026 को प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष अभियान का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की लाभार्थीपरक योजनाओं से वंचित पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़ना तथा लंबित आवेदनों एवं मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि शिविर में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत आवेदन प्राप्त करने, निबंधन, सत्यापन, ई-केवाईसी, स्वीकृति, लाभ वितरण तथा अन्य लंबित मामलों के निष्पादन की व्यवस्था की जाएगी। सभी संबंधित विभागों को समन्वित रूप से कार्य करते हुए अधिकतम पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

बैठक में बताया गया कि शिविर के दौरान आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, आयुष्मान वय वंदना कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), लखपति दीदी योजना, पीएम स्वनिधि, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान एवं छात्रवृत्ति योजनाएं, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना, दिव्यांगजन कल्याण योजनाएं, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाएं तथा मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक योजना के लिए अलग-अलग काउंटर स्थापित किए जाएं तथा प्रत्येक काउंटर के लिए नोडल पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए। सभी संबंधित विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि शिविर स्थल पर हेल्प डेस्क की स्थापना की जाएगी, जहां प्रशिक्षित कर्मी एवं स्वयंसेवक लाभार्थियों को सही काउंटर तक पहुंचाने, आवेदन भरने तथा आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में सहयोग प्रदान करेंगे।

उन्होंने निर्देश दिया कि शिविर स्थल पर मेडिकल स्टॉल स्थापित कर रक्तचाप, रक्त शर्करा जांच एवं स्वास्थ्य परामर्श जैसी प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मेडिकल स्टॉल को आयुष्मान भारत एवं आयुष्मान वय वंदना कार्ड नामांकन काउंटर के निकट स्थापित करने का निर्देश दिया गया है।

जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए ताकि अधिक से अधिक पात्र व्यक्ति शिविर में पहुंचकर योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों को पूर्व से ही यह जानकारी दी जाए कि वे शिविर में आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक, मोबाइल नंबर तथा योजनाओं से संबंधित अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक प्रखंड के लिए जिला स्तर से वरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी, जो शिविर के दोनों दिनों में क्षेत्र भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे तथा आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि यह अभियान आमजन तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शिविर को सफल बनाएं तथा यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

बैठक में उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, नगर आयुक्त नगर निगम बेतिया सुश्री शिवाक्षी दीक्षित, अपर समाहर्ता श्री राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री अनिल कुमार सिन्हा, निदेशक डीआरडीए अरुण प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय पदाधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments

Would you like to receive notifications on latest updates? No Yes