



मझौलिया से बब्लु कुमार पटेल की रिपोर्ट
मझौलिया प्रखंड अंतर्गत स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) मझौलिया इकाई द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मझौलिया प्रखंड अंतर्गत अहवर कुड़िया वार्ड संख्या–07 स्थित व्यवहरिया प्राथमिक विद्यालय परिसर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्वामी विवेकानंद के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना था।
इस अवसर पर अभाविप के मीडिया प्रभारी राधेश्याम गुप्ता ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद महान आध्यात्मिक गुरु थे। उन्होंने भारतीय वेदांत दर्शन, आध्यात्मिकता और राष्ट्रवाद के विचारों को पश्चिमी देशों तक पहुंचाकर भारत को विश्व पटल पर एक नई पहचान दिलाई। उनकी जयंती युवाओं के लिए आत्मचिंतन और राष्ट्र सेवा का संकल्प लेने का दिन है।
वहीं दिपू कुशवाहा एवं दिपरंजन चौरसिया ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन और उनके विचार आज के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर युवा समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
विद्यालय के सभी शिक्षकगणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी बताया। कार्यक्रम में लड्डू पासवान, श्यामबाबू कुमार, निखिल कुमार, हरेराम कुमार, अंकू पटेल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


