
मझौलिया से बब्लु कुमार पटेल की रिपोर्ट
मझौलिया प्रखंड स्थित समेकित बाल विकास परियोजना (आंगनबाड़ी) कार्यालय से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने विभागीय कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में कार्यालय के एक चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी, संजय कुमार सिंह, ड्यूटी के दौरान कुर्सी पर आराम से सोते हुए दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह घटना कार्यालय समय की है, जब अन्य कर्मचारी अपने-अपने कार्यों में व्यस्त थे, जबकि संबंधित कर्मचारी गहरी नींद में नजर आए।
इस पूरे घटनाक्रम को किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया और सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद वीडियो तेजी से फैल गया। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोग इसे सरकारी कार्य के प्रति लापरवाही बता रहे हैं और विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठा रहे हैं।
मामले के तूल पकड़ने के बाद विभाग हरकत में आ गया है। सीडीपीओ पूनम कुमारी ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, इस मामले में प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजर टिकी हुई है।


