
मझौलिया से बब्लु कुमार पटेल की रिपोर्ट
मझौलिया थाना क्षेत्र के मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। मझरिया शेख पंचायत के मलाही टोला में एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी संदीप कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। थानाअध्यक्ष अमर कुमार ने बताया है कि घटना सोमवार शाम करीब 7 बजे की है। मुख्य आरोपी संदीप कुमार ने पड़ोस की रहने वाली नाबालिग को बहला-फुसलाकर मकई के खेत में बुलाया। वहाँ उसने पीड़िता के *हाथ-पांव और मुंह बांधकर* उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। हैरान करने वाली बात यह है कि इस घिनौने कृत्य के दौरान आरोपी के दो अन्य साथी बाहर खड़े होकर निगरानी कर रहे थे।सोमवार रात जब लड़की घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन अंधेरा होने के कारण वह नहीं मिली। मंगलवार की सुबह ग्रामीण और परिजन जब मकई के खेत की ओर गए, तो पीड़िता बेसुध हालत में मिली। लड़की ने होश में आने पर परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।पीड़िता की माँ के आवेदन पर पुलिस ने प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। मुख्य आरोपी संदीप कुमार को मंगलवार सुबह ही गिरफ्तार कर लिया गया।एफआईआर में नामजद अन्य दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए महिला एसआई पार्वती देवी की देखरेख में जीएमसीएच, बेतिया भेजा गया है। इस घटना के बाद से आसपास के इलाकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।


