


बेतिया मोहन सिंह। जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह के निर्देश के आलोक में मच्छरगाँवा नगर पंचायत क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक सुनिश्चित करने के लिए आज व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान कार्यपालक पदाधिकारी एवं उनकी टीम द्वारा नगर क्षेत्र की विभिन्न दुकानों पर औचक निरीक्षण किया गया। इसी क्रम में बगहा में अभियान चलाया गया और छापामारी कर प्लास्टिक बैग जप्त किया गया तथा सख्त हिदायत दी गई।जांच के क्रम में दुकानों पर प्रतिबंधित प्लास्टिक बैग के उपयोग की स्थिति का जायजा लिया गया तथा कई स्थानों पर प्लास्टिक बैग जब्त कर दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी गई। टीम ने स्पष्ट किया कि पर्यावरण संरक्षण के मद्देनजर सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित है और इसका उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।अधिकारियों ने दुकानदारों को कपड़े एवं जूट के थैलों जैसे वैकल्पिक साधनों के उपयोग के लिए प्रेरित किया तथा आम लोगों से भी अपील की कि वे प्लास्टिक के उपयोग से बचें।नगर पंचायत प्रशासन ने कहा कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि प्लास्टिक मुक्त शहर के लक्ष्य को साकार किया जा सके।


