

16,526 एलपीजी सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध।
आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में।
एलपीजी आपूर्ति पर ‘जीरो टॉलरेंस।
छापेमारी तेज, बैकलॉग में लगातार गिरावट।
छापेमारी में 42 सिलेंडर (27 घरेलू, 7 कमर्शियल और 8 छोटे 5 किलोग्राम वाले) तथा तराजू बरामद किया गया।
बेतिया मोहन सिंह।
अपर समाहर्ता-सह-जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री अनिल कुमार सिन्हा ने कहा कि जिले में एलपीजी गैस को लेकर किसी भी प्रकार की किल्लत नहीं है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तीनों ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के पास पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध हैं तथा जिले की 74 गैस वितरक एजेंसियों के साथ प्रशासन लगातार संपर्क में है।
उन्होंने बताया कि जिले में पहले 65,730 का बैकलॉग था, जो घटकर अब 64,625 रह गया है। इससे साफ है कि आपूर्ति व्यवस्था में लगातार सुधार हो रहा है और बैकलॉग कम होने की दिशा में ठोस प्रगति हो रही है।
प्रशासन द्वारा तीनों अनुमंडल क्षेत्रों में सख्ती के साथ निगरानी रखी जा रही है। गैस एजेंसियों द्वारा किसी भी प्रकार की अनियमितता, अवैध भंडारण या ब्लैक मार्केटिंग की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
वर्तमान स्थिति पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि जिले में आज 16,526 एलपीजी सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है। वहीं, बीते दिन 14,543 सिलेंडरों की डिलीवरी की गई, जिसके मुकाबले केवल 9,419 बुकिंग दर्ज हुई। इससे स्पष्ट है कि बुकिंग में कमी आ रही है और स्थिति पूरी तरह सामान्य है। उपभोक्ताओं तक गैस सिलेंडर सुचारु रूप से पहुंच रहा है।
उपभोक्ताओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या पैनिक की स्थिति में न आएं। प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और व्यवस्था को नियंत्रित रखने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में आज पूरे जिले में 50 से 60 छापेमारी दल सक्रिय रूप से जांच अभियान चला रहे हैं। छापेमारी के दौरान बस स्टैंड, बेतिया के समीप 5 घरों से कुल 42 सिलेंडर (27 घरेलू, 7 कमर्शियल और 8 छोटे 5 किलोग्राम वाले) तथा तराजू बरामद किया गया है। इस मामले में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी के दौरान एसडीएम बेतिया सदर विकास कुमार, एसडीपीओ बेतिया सदर विवेक दीप सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।
उन्होंने बताया कि कुछ शिकायतें ऐसी भी प्राप्त हो रही हैं कि उपभोक्ता का नंबर लगने और गैस सिलेंडर डिलीवरी का मैसेज तो आ जा रहा है लेकिन नम्बर लगाने वाले उपभोक्ता को सिलेंडर नहीं उपलब्ध हो पा रहा है, इसकी छापेमारी दल द्वारा बारीकी से जाँच कर कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि शिकायतों के निपटारे पर भी प्रशासन गंभीर है। 24 मार्च को बेतिया अनुमंडल से 21, नरकटियागंज से 6 और बगहा से 2, कुल 29 शिकायतें प्राप्त हुईं। सभी शिकायतों को संबंधित एसडीएम को भेजते हुए त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए गए हैं।


