

लाभुकों ने गणतंत्र दिवस परेड में बढ़ाया गौरव।
बेतिया मोहन सिंह
। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “धरती आबा जनजातीय उत्थान अभियान (DA-JGUA)” के अंतर्गत जनजातीय बहुल क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों तक अब ऑन ग्रिड विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। इस क्रम में पश्चिम चंपारण एवं सुपौल जिला के चयनित लाभुकों को गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित रिपब्लिक डे परेड में शामिल होने का गौरव प्राप्त हुआ।
यह सहभागिता न केवल उनके लिए सम्मान का विषय रही, बल्कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की सफलता का प्रतीक भी बनी।
उल्लेखनीय है कि इस अभियान के अंतर्गत पश्चिम चंपारण, सुपौल, पूर्णिया एवं कटिहार जिले के वन क्षेत्रों एवं दियारा क्षेत्र से सटे सुदूरवर्ती गांवों को मुख्य विद्युत ग्रिड से जोड़ा जा रहा है, जिससे यहां के निवासियों को अब निर्बाध एवं स्थायी बिजली आपूर्ति उपलब्ध हो सकेगी।
पूर्व में इन सभी क्षेत्रों के परिवारों को सौर ऊर्जा आधारित विद्युत व्यवस्था के माध्यम से बिजली दी जा रही थी, जो सीमित समय एवं क्षमता तक ही उपलब्ध हो पाती थी। अब ऑन ग्रिड कनेक्शन मिलने से ग्रामीणों को चौबीसों घंटे बिजली की सुविधा प्राप्त होगी, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यवसाय एवं घरेलू कार्यों में उल्लेखनीय सुधार होगा।
इस योजना से जनजातीय क्षेत्रों में आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों में भी इस उपलब्धि को लेकर उत्साह एवं संतोष का माहौल देखा जा रहा है।
इस संबंध में कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, बगहा, आलोक अमृतांशु ने बताया कि विभाग द्वारा प्राथमिकता के आधार पर दुर्गम एवं पिछड़े क्षेत्रों में विद्युत विस्तार कार्य किया जा रहा है, ताकि कोई भी परिवार बिजली सुविधा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में शेष गांवों को भी इस योजना से जोड़ने का कार्य तेज गति से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि धरती आबा जनजातीय उत्थान अभियान के माध्यम से सरकार का लक्ष्य जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है, और यह पहल उस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।


