



मझौलिया से बब्लु कुमार पटेल की रिपोर्ट
मझौलिया पुलिस ने जिलाधिकारी बेतिया के निर्देश पर सोमवार के दिन थाना परिसर में पूर्व से जब्त की गई भारी मात्रा में शराब को विधिवत विनष्ट किया। इस कार्रवाई की जानकारी अंचलाधिकारी राजीव रंजन ने दी। उन्होंने बताया कि मझौलिया थाना से जुड़े कुल 24 कांडों में जब्त लगभग 2650 लीटर अवैध शराब को नष्ट किया गया, जिससे क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
प्रभारी थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि विनष्ट की गई शराब में देशी चुलाई शराब की कुल मात्रा 224.95 लीटर, अंग्रेजी शराब 5.58 लीटर तथा सबसे अधिक 2397 लीटर स्प्रीट शामिल है। यह स्प्रीट अवैध रूप से शराब बनाने के लिए उपयोग में लाई जाती थी। उन्होंने कहा कि सभी 24 कांडों से संबंधित जब्त शराब को कानूनी प्रक्रिया के तहत पूरी पारदर्शिता के साथ नष्ट किया गया।तत्कालीन पुलिस निरीक्षक अवनीश कुमार ने इस मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व में एक ट्रक को पकड़ा गया था, जिसमें प्लास्टिक के ड्रम और बाल्टियों में डीजल और मोबिल के नाम पर स्प्रीट छुपाकर ले जाया जा रहा था। जांच के दौरान यह अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त स्प्रीट निकली, जिसके बाद मामले में प्राथमिकी दर्ज कर वाहन व सामग्री को जब्त कर लिया गया था। उसी कांड से संबंधित स्प्रीट को भी सोमवार को विनष्ट किया गया।
इस मौके पर प्रशासन और पुलिस की संयुक्त निगरानी में शराब को नष्ट करने की पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता न हो। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू किया जा रहा है और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई से यह संदेश गया है कि मझौलिया में कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


