




मझौलिया से बब्लु कुमार की रिपोर्ट
मझौलिया थाना क्षेत्र के जौकटिया वार्ड संख्या 1 निवासी 24 वर्षीय हैदर अली की रविवार को भोजपुर जिले के नूरपुर थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि हैदर अली अपने निजी ट्रक से बालू लाने आरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नूरपुर के पास सामने से आ रही एक ट्रक से आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें हैदर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही नूरपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सोमवार की सुबह जब शव पैतृक गांव जौकटिया पहुंचा तो परिजनों के चीत्कार से वातावरण गूंज उठा। मां,भाई बहन और रिश्तेदारों का रो-रो कर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम का माहौल व्याप्त हो गया है।
मृतक हैदर अली स्वर्गीय शेख हस्सानजान उर्फ जान मियां के पुत्र थे।मृतक के पिता एक वर्ष पूर्व में स्वर्ग सिधार गये थे।वह दो भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटे थे। दो बहनों की शादी हो चुकी है,एक बहन और एक भाई की शादी अभी नही हुई है।जबकि हैदर की शादी आगामी अप्रैल माह में तय थी। शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इससे पहले ही मौत ने घर की खुशियों को मातम में बदल दिया। परिवार और ग्रामीणों ने बताया कि हैदर मेहनती और मिलनसार स्वभाव के युवक थे। उनकी असमय मौत से पूरा इलाका स्तब्ध है।


