Thursday, April 30, 2026
Homeबेतियाप्रभारी मंत्री ने राजस्व महा-अभियान प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया...

प्रभारी मंत्री ने राजस्व महा-अभियान प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना।

गांव-गांव जाकर राजस्व महाभियान के उदेश्यों से रैयतों को करायेगा अवगत।

जिला पदाधिकारी ने जनता से की अपील-इस अभियान का लाभ उठाएं और अपने जमीन से संबंधित कागजातों को सही करवा लें।

बेतिया मोहन सिंह।

राजस्व महा-अभियान की सफलता हेतु रैयतों में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आज मंत्री, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग-सह-प्रभारी मंत्री, पश्चिम चम्पारण, जनक राम ने समाहरणालय परिसर से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रत्येक अंचल के लिए 02-02 प्रचार वाहन आज से गांव-गांव जाकर रैयतों को राजस्व महाभियान के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करेंगे।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि यह अभियान आम जनता की सुविधा के लिए है, ताकि लोग अपने भूमि संबंधी दस्तावेज अद्यतन करवा सकें और अनावश्यक परेशानी से बचें। जमीन के कागजात का समय पर अद्यतन और नामांतरण जरूरी है, ताकि भविष्य में विवाद की कोई स्थिति न बने। सरकार पारदर्शी और त्वरित सेवा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। राजस्व महा-अभियान से लोगों को अपने हल्का में ही समस्याओं का समाधान मिलेगा, उन्हें कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने होंगे।

जिला पदाधिकारी धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रैयतों (भूमि धारकों) को उनकी ज़मीन से संबंधित दस्तावेज़ अद्यतन और ऑनलाइन सुविधाओं के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने बताया कि इस बार एक विशेष प्रचार वाहन की शुरुआत की गई है, जो जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों और गाँवों में जाकर लोगों को अभियान से जुड़ी जानकारियाँ देगा।

जिला पदाधिकारी ने जनता से अपील की है कि वे इस अभियान का लाभ उठाएं और अपने ज़मीन से संबंधित कागजातों को सही करवा लें। उन्होंने कहा कि “सरकार का उद्देश्य पारदर्शिता और सुविधा है, और रैयतों का सहयोग इसमें अनिवार्य है।”

अपर समाहर्ता, कुमार रविन्द्र ने जानकारी दी कि यह राजस्व महा-अभियान 16 अगस्त 2025 से 20 सितंबर 2025 तक जिलेभर में हल्कावार चलाया जाएगा, जिसमें परिमार्जन के तहत छूटी हुई जमाबंदियों का जमाबंदी कायम करने, जमाबंदियों में सभी आवश्यक प्रविष्टियों को अंकित करने सक्सेशन म्युटेशन और सहमति आधारित दाखिल खारिज के आवेदनों को प्राप्त करने और निष्पादन की कार्यवाही की जाएगी एवं अन्य राजस्व सेवाओं से संबंधित कार्य शीघ्रता से निपटाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि अभियान का मुख्य संदेश है-जमीन के कागज में करें सुधार, राजस्व विभाग पहुंचा आपके द्वार। इस पहल का उद्देश्य लोगों को भूमि संबंधित कागजात के अद्यतन एवं सुधार की प्रक्रिया से अवगत कराना है। साथ ही किस हल्का में किस दिन शिविर का आयोजन किया जायेगा, इसे भी रैयतों को बताना है।

इस अवसर पर माननीय मंत्री, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग, बिहार, श्रीमती रेणु देवी, सांसद, संजय जायसवाल, माननीय विधायक, राम सिंह, श्री उमाकांत सिंह, नारायण प्रसाद, श्रीमती रश्मि वर्मा, विनय बिहारी, धीरेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ रिंकू सिंह, विधान पार्षद भीष्म सहनी, अफाक अहमद, अन्य जनप्रतिनिधिगण सहित जिला पदाधिकारी, धर्मेन्द्र कुमार, उप विकास आयुक्त, सुमित कुमार, नगर आयुक्त, नगर निगम बेतिया, लक्ष्मण तिवारी, अपर समाहर्ता, कुमार रविन्द्र सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments

Would you like to receive notifications on latest updates? No Yes